नहाने गए युवक की डूबने से मौत, पत्नी और मासूम बेटे का उजड़ गया सहारा

ब्रेकिंग न्यूज
विकास कुमार
मेराल । मेराल थाना क्षेत्र के संगवरिया पंचायत स्थित भीमखाड़ गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। खैरवा डैम में नहाने गए 28 वर्षीय युवक ओम प्रकाश सिंह की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार, भीमखाड़ निवासी मेघनाथ सिंह का पुत्र ओम प्रकाश सिंह मंगलवार सुबह गांव के खैरवा डैम में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद गहरे पानी से ओम प्रकाश का शव बाहर निकाला। इसके बाद परिजन शव को लेकर तत्काल सरकारी अस्पताल मेराल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर मेराल थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे पत्नी और एक मासूम बेटे को छोड़ गया है। परिवार का कमाऊ सदस्य चले जाने से पत्नी और बच्चे के सामने जीवन-यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सावधानी जरूरी
बरसात के मौसम में डैम, नदी और तालाबों का जलस्तर बढ़ जाने से गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में प्रशासन लोगों से अपील करता है कि गहरे जलाशयों में नहाने से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।




