फर्जी जन्म प्रमाण पत्र का बड़ा खेल उजागर, ऑनलाइन सेंटर सील

₹1400 में बन रहा था जन्म प्रमाण पत्र! एसडीओ के निर्देश पर मेराल में छापा, भारी मात्रा में दस्तावेज बरामद
विकास कुमार
मेराल। गढ़वा जिले के मेराल प्रखंड में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के बड़े खेल का खुलासा होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा संजय पांडे के निर्देश पर शनिवार को ओखरगाड़ा पचपेड़ी मोड़ स्थित विशाल ऑनलाइन सेंटर पर छापेमारी कर सेंटर को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान प्रभारी बीडीओ सह सीओ यशवंत नायक एवं थाना प्रभारी विष्णु कांत मौजूद रहे। जांच के दौरान सेंटर से बड़ी संख्या में आधार कार्ड की छायाप्रति, कई जन्म प्रमाण पत्र और विभिन्न आवेदन फार्म बरामद किए गए। पूछताछ में सेंटर संचालक गोंदा गांव निवासी विशाल कुमार ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि डाल्टनगंज के संतोष कुमार के व्हाट्सएप पर माता-पिता का आधार कार्ड भेजने और ₹1000 से ₹1400 देने पर जन्म प्रमाण पत्र बनकर आ जाता था। संचालक ने यह भी स्वीकार किया कि अब तक 30 से 40 जन्म प्रमाण पत्र बनवाए जा चुके हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल ऑनलाइन सेंटर को सील कर दिया। सीओ यशवंत नायक ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला पूरी तरह संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। बिना अधिकृत प्रक्रिया के जन्म प्रमाण पत्र बनवाना जनहित और कानून व्यवस्था के खिलाफ है। पूरे मामले की गहन जांच कर इसमें शामिल सभी लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



