बिकताम पंचायत में पंचायत सचिव के खिलाफ ग्रामीणों का मोर्चा, डीसी से जांच और स्थानांतरण की मांग

ग्रामसभा की अनदेखी, योजनाओं में अनियमितता और मनमानी का आरोप; उपायुक्त को सौंपा आवेदन
विकास कुमार
मेराल। प्रखंड की बिकताम पंचायत में कार्यरत पंचायत सचिव रेखा कुमारी के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। पंचायत के दर्जनों ग्रामीणों ने गढ़वा उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर पंचायत सचिव के कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने तथा उनका स्थानांतरण किसी अन्य पंचायत में करने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत सचिव की कार्यशैली के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक समय पर नहीं पहुंच रहा है। आवेदन में बताया गया है कि तत्कालीन बीडीओ सतीश भगत ने उनका स्थानांतरण गेरुआ पंचायत कर दिया था, लेकिन बाद में वह आदेश निरस्त कर दिया गया। इसके बाद से पंचायत सचिव मनमाने ढंग से कार्य कर रही हैं।आवेदन में ग्रामसभा और पंचायत कार्यकारिणी की स्वीकृति के बिना योजनाओं के संचालन, योजनाओं में पारदर्शिता की कमी तथा प्रधानमंत्री आवास और अबुआ आवास योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभुक चयन में अनियमितता का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि उनकी शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं होता और पंचायत सचिव का व्यवहार भी सहयोगात्मक नहीं है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा जनहित में पंचायत सचिव का शीघ्र स्थानांतरण सुनिश्चित करने की मांग की है। आवेदन पर बीडीसी विनोद पासवान, चतुरगुन राम, नारायण राम, रामकृपाल ठाकुर सहित दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।





