टॉप न्यूज़

ईंट भट्ठा के श्रमिक बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान: सामुदायिक सहयोग से यूनिफॉर्म, जूते, बैग व शैक्षणिक सामग्री का वितरण

विकास कुमार 

मेराल (गढ़वा)। शिक्षा से कोई भी बच्चा वंचित न रहे, इसी उद्देश्य को लेकर ग्राम पंचायत मेराल पूर्वी के वार्ड संख्या-10 स्थित नट टोला के ईंट भट्ठा पर कार्यरत श्रमिक परिवारों के दर्जनों बच्चों के बीच सामुदायिक सहयोग से एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को विद्यालयी जीवन के लिए आवश्यक यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्कूल बैग एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मेराल पूर्वी के मुखिया राम सागर महतो ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों के भविष्य को संवारने के साथ-साथ समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करते हैं।

इस अवसर पर उत्क्रमित मध्य विद्यालय, ब्लॉक कॉलोनी, मेराल के प्रधानाचार्य गंगेश पाण्डेय ने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में अब्दुल लतीफ अंसारी, उप मुखिया अलिशेर अंसारी, वार्ड सदस्य विनोद चौधरी, देवकुमार राम, मुन्द्रिका राम, मुन्ना कुमार, राहुल कुमार, सुरेश नट सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी जरूरतमंद बच्चों के सहयोग के लिए आगे आने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर नई यूनिफॉर्म और शैक्षणिक सामग्री पाकर खुशी साफ झलक रही थी। ग्रामीणों ने कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग से ऐसे आयोजन न केवल जरूरतमंद बच्चों का हौसला बढ़ाते हैं, बल्कि शिक्षा के प्रति जागरूकता भी पैदा करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!