टॉप न्यूज़

एक ही दिन में दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया तो दूसरे दो बच्चों से छिन गई मां : रघुराई राम

ब्रेकिंग न्यूज, गढ़वा 

विकास कुमार 

मेराल । संगरवरिया पंचायत के लिए मंगलवार का दिन बेहद दुखद और पीड़ादायक रहा। पंचायत में हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। एक ओर खैरवा डैम में डूबने से एक युवक की मौत हो गई, तो दूसरी ओर घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने कीटनाशक दवा खाकर आत्महत्या कर ली। इन दोनों घटनाओं ने चार मासूम बच्चों के जीवन पर गहरा असर छोड़ दिया। पहली घटना में ग्राम बनुवा निवासी मेघनाथ सिंह के लगभग 30 वर्षीय पुत्र ओम प्रकाश सिंह की खैरवा डैम में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, वह सुबह स्नान करने के लिए डैम गए थे। नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से वे डूब गए। काफी प्रयास के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं दूसरी घटना में राजहरा मुस्लिम टोला निवासी क्यामुद्दीन अंसारी के पुत्र अनवर अंसारी की पत्नी रवीना बीवी ने मामूली घरेलू विवाद के बाद कीटनाशक दवा खा ली। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

इन दोनों घटनाओं पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए एससी-एसटी कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष रघुराई राम ने कहा कि यह पंचायत के लिए अत्यंत दुखद दिन है। उन्होंने कहा कि दोनों परिवारों के दो-दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ जाना बेहद पीड़ादायक है। रघुराई राम दोनों शोकाकुल परिवारों के घर पहुंचे, परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा दोनों के अंतिम संस्कार में शामिल होकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने ईश्वर से शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इन हृदयविदारक घटनाओं के बाद पूरे पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!