क्राइमटॉप न्यूज़

मंदिर से पूजा कर लौट रहे व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत, परिजनों में मचा कोहराम

पूजा-अर्चना कर घर लौट रहे, तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने मारी जोरदार टक्कर 

विकास कुमार 

मेराल । थाना क्षेत्र के मेराल हाई स्कूल के समीप स्थित शिव मंदिर से पूजा कर लौट रहे एक व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी राम मूरत प्रसाद उर्फ गुजूर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम राम मूरत प्रसाद शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक, जिस पर तीन युवक सवार थे, उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत मेराल अस्पताल लाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों के मौजूद नहीं रहने के कारण उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि अत्यधिक रक्तस्राव और सिर (माथा) में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी रास्ते में ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं परिजन सदर अस्पताल पहुंच गए। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

अस्पताल पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देने वालों में शिक्षक नेता रघुराई राम, संजय भगत, अनुज प्रसाद, नवीन प्रसाद जायसवाल, पंकज जायसवाल, रामाकांत प्रसाद, चंदन जायसवाल, संजय प्रसाद, विवेक कालिया, दीपक राज सहित कई गणमान्य लोग शामिल थे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषी बाइक सवारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!