
मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने पर बसपा ने कड़ा रुख अपनाया: नंदा पसवान
विकास कुमार
गढ़वा। कांडी प्रखंड के प्रधान सहायक अनुप कुमार के साथ कथित मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने के मामले को लेकर जिला बहुजन समाज पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी नेताओं ने घटना की तीखी निंदा करते हुए दोषी व्यक्ति की अविलंब गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। बसपा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कांडी प्रखंड प्रमुख सतेन्द्र पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय ने प्रधान सहायक के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पार्टी का कहना है कि यह घटना केवल एक सरकारी कर्मी पर हमला नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द, कानून व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों पर भी सीधा प्रहार है। पार्टी नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उसे शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। साथ ही पीड़ित प्रधान सहायक को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान कर न्याय सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। बसपा ने आरोप लगाया कि पलामू प्रमंडल में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सरकारी कर्मियों के खिलाफ अत्याचार एवं अन्याय की घटनाओं में वृद्धि हो रही है, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि हाल के दिनों में इस प्रकार की कई घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन उन्हें रोकने में सरकार और प्रशासन अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर पाए हैं। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक जनआंदोलन शुरू करने पर विचार किया जाएगा। इस अवसर पर ज्ञानी राम, मोती राम, रामाधार राम, ब्रह्मदेव राम, सत्येंद्र बैठा और रामजी पासवान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।




