टॉप न्यूज़

नशाखोरी, छेड़छाड़ और चोरी के खिलाफ मंच से बुलंद हुई आवाज, बैरगिया नाला नाटक ने दिया मजबूत संदेश

 

विकास कुमार 

मेराल । प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम के छठे वार्षिक महोत्सव के तीसरे दिन शनिवार की रात्रि में आजाद नवयुवक संघ छवआना टोला के स्थानीय कलाकारों द्वारा “बैरगिया नाला” नाटक का प्रभावशाली मंचन किया गया। इस नाटक के माध्यम से समाज में बढ़ती नशाखोरी, छेड़छाड़ (मनचला प्रवृत्ति) एवं चोरी जैसी कुरीतियों पर करारा प्रहार करते हुए लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया।

शिक्षक आशुतोष शर्मा के निर्देशन में युवा कलाकारों ने नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और सामाजिक नैतिकता का सशक्त संदेश प्रस्तुत किया। नाटक में एक शराबी पति के कारण परिवार में उत्पन्न अशांति, कलह और अव्यवस्था को मार्मिक ढंग से दिखाया गया, जिससे दर्शक भावुक भी हुए और सोचने को मजबूर भी।

कलाकारों ने यह दर्शाया कि नशे की लत किस तरह व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। साथ ही छेड़छाड़ और चोरी जैसी घटनाओं के प्रति समाज को सजग रहने तथा इन पर नियंत्रण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई। नृत्य और संगीत के समावेश से सजे इस नाटक ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन भी किया, वहीं सामाजिक बदलाव का सशक्त संदेश भी छोड़ा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

इस अवसर पर आजाद नवयुवक संघ ड्रामा पार्टी के संरक्षक मंडली में प्रेमचंद प्रसाद, मोतीचंद प्रसाद, रामेश्वर शर्मा, बलराम कृष्ण शर्मा, मंगल यादव, सुनील सिंह एवं रविन्द्र प्रसाद वर्मा का सहयोग सराहनीय रहा। वहीं कलाकारों में आशुतोष शर्मा, विष्णु कांत, अभय राम, नाथून राम, सूर्य प्रकाश, सुनील राम, नान्हू यादव, उपेंद्र शर्मा, अशोक राम, रमेश राम, सत्य प्रकाश त्रृषि एवं दामोदर राम ने अपनी शानदार अभिनय से नाटक को जीवंत बना दिया। नाटक के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि समाज में व्याप्त बुराइयों को समाप्त करने के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!