मेराल की मूलभूत समस्याओं को लेकर सक्रिय हैं विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी, कई विभागों को भेजे प्रस्ताव

विकास कुमार
मेराल । सत्येंद्र नाथ तिवारी मेराल प्रखंड की मूलभूत समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। उन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को सदन के पटल पर उठाने के साथ-साथ कई विभागों को पत्राचार कर विकास योजनाओं की मांग की है।

विधायक ने मेराल प्रखंड में तीन दर्जन से अधिक सड़कों के निर्माण, एक दर्जन से अधिक पुलिया निर्माण तथा धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए कल्याण विभाग को लगभग डेढ़ दर्जन स्थलों की अनुशंसा भेजी है। वहीं मेराल स्थित मां शायर देवी धाम एवं ओखरगाडा के पहाड़ी हनुमान मंदिर को पर्यटन सूची में शामिल कर विकास कराने हेतु पर्यटन मंत्री को पत्र लिखा है।
खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग को भेजे गए प्रस्ताव में मेराल प्रखंड मुख्यालय में आधुनिक खेल स्टेडियम तथा गेरुआ, पढुवा, हासनदाग और पेस्का में खेल मैदान विकसित करने की मांग की गई है। इसके अलावा स्थायी टैक्सी स्टैंड, बस स्टैंड एवं सब्जी बाजार के लिए भूमि चिन्हित करने हेतु परिवहन विभाग और नगर विकास विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।
विधायक ने कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग को पत्राचार कर गढ़वा जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी प्रखंडों में आधुनिक कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने की मांग की है। वहीं उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री को पत्र भेजकर जिले के सभी प्रखंडों में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस पुस्तकालय भवन निर्माण की आवश्यकता बताई है।
पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग से मेराल प्रखंड मुख्यालय में आधुनिक सामुदायिक भवन निर्माण की मांग भी की गई है। साथ ही अरंगी पंचायत के बौराहा गांव में फ्लोराइड युक्त पानी से लोगों पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को गंभीर बताते हुए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से सभी चापाकलों में फ्लोराइड निरोधक यंत्र लगाने तथा आरओ आधारित शुद्ध पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
भूमि विवाद की समस्या को लेकर भी विधायक ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग से गढ़वा, मेराल, डंडा, डंडई सहित अन्य प्रखंडों में पुनः मिनी सर्वे कराकर खतियान जारी करने अथवा हाल सर्वे खतियान प्रकाशित कराने की मांग की है। विधायक ने कई सड़कों के पक्कीकरण के लिए गढ़वा उपायुक्त को पत्र लिखकर प्रशासनिक स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने का आग्रह भी किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए मेराल प्रखंड विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने कहा कि विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी क्षेत्र की समस्याओं को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के माध्यम से आम लोगों तक यह जानकारी पहुंचाना आवश्यक है, क्योंकि कई बार यह कहा जाता है कि क्षेत्रीय विधायक से पत्राचार नहीं कराया जाता। जबकि विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी विधानसभा में सरकार से सवाल पूछने वाले सक्रिय विधायकों में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि विधायक अपने कोटे की राशि से क्षेत्र के सभी गांवों में लोगों की मांग के अनुसार आवश्यक स्थानों पर चापाकल लगाने का कार्य भी करा रहे हैं।


