वज्रपात ने छीन ली किसान की “खेती की ताकत”, पलभर में दो बैलों की दर्दनाक मौत

विकास कुमार
मेराल। अचानक बदले मौसम ने एक गरीब किसान की जिंदगी पर कहर बरपा दिया। मेराल थाना क्षेत्र के करकोमा गांव के खुटैलिया टोला में हल्की बारिश और तेज गर्जना के बीच हुए वज्रपात ने किसान युनुस अंसारी के दो बैलों की जान ले ली। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। बताया गया कि युनुस अंसारी ने अपने दोनों बैलों को घर के पास एक महुआ पेड़ के नीचे बांध रखा था। दोपहर करीब 12 बजे अचानक मौसम बिगड़ा और तेज चमक-गरज के साथ आसमान से बिजली गिरी। वज्रपात की चपेट में आते ही दोनों बैलों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

ग्रामीणों के अनुसार, मृत बैल किसान की खेती का मुख्य सहारा था। वार्ड प्रतिनिधि नाजिम अंसारी ने बताया कि युनुस अंसारी ने भारी कीमत देकर दोनों बैल खरीदे थे और इन्हीं के सहारे खेती-किसानी करते थे। बैलों की मौत के बाद किसान पूरी तरह टूट गया है। पीड़ित किसान युनुस अंसारी ने रोते हुए कहा कि अब आने वाले बरसात के मौसम में खेती करना बेहद मुश्किल हो जाएगा। उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि दोबारा बैल खरीद सकें। उन्होंने सरकार से आपदा राहत कोष के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही अंचल पदाधिकारी यशवंत नायक और पशु चिकित्सा पदाधिकारी कृष्ण कुमार सिंह को अवगत कराया गया। सीओ यशवंत नायक ने बताया कि वज्रपात से दो बैलों की मौत की सूचना मिली है। सरकारी प्रावधान के अनुसार पशुपालक को आपदा राहत कोष से मुआवजा दिया जाएगा।




