गुस्से में घर छोड़ भागा शुभम, तीन दिन बाद सकुशल लौटा घर, गांव में खुशी का माहौल

विकास कुमार
मेराल । संगबरिया गांव निवासी दिलीप साह का 13 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार, जो तीन दिन पहले घर से लापता हो गया था, आखिरकार सकुशल अपने घर लौट आया। शुभम के वापस लौटते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई, वहीं पूरे गांव में राहत और उत्साह का माहौल देखने को मिला। गांव के लोगों ने परिवार को बधाई देते हुए अपनी खुशी जाहिर की।

जानकारी के अनुसार शुभम मंगलवार की सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने गांव, रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, पर उसका कोई पता नहीं चला। बेटे के लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। पूर्व जिला परिषद सदस्य सह किस्मती कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड फार्मेसी के सचिव वीरेंद्र साव ने बताया कि शुभम के सुरक्षित लौट आने से परिवार ने राहत की सांस ली है। उन्होंने कहा कि पूरे गांव में खुशी का माहौल है। घर लौटने के बाद शुभम ने बताया कि पिता की डांट से नाराज होकर वह बिना बताए घर से निकल गया था। मेराल रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर पहले डाल्टेनगंज और फिर देहरी चला गया। वहां दो दिन तक रहा और अपने खाते से 500 रुपये निकालकर खाना-पीना किया। गुरुवार सुबह वह ट्रेन से वापस गढ़वा रोड पहुंचा, जहां से टेम्पो पकड़कर मेराल आया और फिर मेराल थाना के माध्यम से अपने परिवार के पास सकुशल लौट गया। शुभम के लौट आने के बाद परिवार और गांव वालों ने राहत की सांस ली है। गांव में लोग इसे किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।




