बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया, सैकड़ों लोग हुए शामिल

विकास कुमार
गढ़वा। छतरपुर में राजरत्न युवा अंबेडकर क्लब के तत्वावधान में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि झामुमो के संगठन सचिव सुनील कुमार गौतम एवं जिला परिषद सदस्य जयदुलाह अंसारी द्वारा बाबा साहेब की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित करने के साथ किया गया। इसके पश्चात केक काटकर जयंती समारोह की शुरुआत की गई। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों महिला-पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने तथा समाज में समानता, भाईचारा और सामाजिक न्याय बनाए रखने की शपथ ली।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि सुनील कुमार गौतम ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है और बाबा साहेब का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद सदस्य जयदुलाह अंसारी, राहुल जायसवाल, बीरेंद्र प्रसाद, मुजीब रहमान, पूर्व मुखिया, बीडीसी रुस्तम जी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए और बाबा साहेब के योगदान को याद किया।
कार्यक्रम का संचालन राजरत्न अंबेडकर युवा क्लब छतरपुर एवं गढ़वा व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता देवी प्रसाद ने किया। समारोह को सफल बनाने में क्लब के सदस्यों अमित कुमार, कमलेश कुमार, विकास कुमार गौतम, अजय कुमार, आकाश कुमार, जय प्रकाश सहित सभी समिति सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस मौके पर स्थानीय गणमान्य व्यक्ति, युवा वर्ग एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।



