
बिग ब्रेकिंग :
जब्त कर सीओ व थाना प्रभारी को सौंपा, प्राथमिकी के निर्देश
विकास कुमार
मेराल । गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने शनिवार को मेराल प्रखंड के हासनदाग क्षेत्र में अवैध बालू खनन और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई में 61 ट्रैक्टर-ट्रॉली के बराबर अवैध बालू जब्त किए जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। प्रशासन की इस सख्ती से बालू माफियाओं में खलबली मच गई है।

सूत्रों से लगातार मिल रही शिकायतों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर एसडीएम स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच के दौरान पाया कि बिना किसी वैध अनुमति के भारी मात्रा में बालू का अवैध भंडारण किया गया था। मौके पर अलग-अलग 61 ढेरों में बालू जमा मिला, जो प्रथम दृष्टया यूरिया नदी से अवैध रूप से उठाव किया गया प्रतीत हो रहा है।स्थानीय पूछताछ में अवैध बालू कारोबार में नंदलाल तिवारी, प्रदीप तिवारी, दयावंत तिवारी और रिंकू तिवारी समेत कई लोगों के नाम सामने आए हैं। हालांकि प्रशासन ने इन नामों की विस्तृत जांच कर आवश्यकतानुसार प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है।

एसडीएम ने मौके पर ही अंचल पदाधिकारी यशवंत नायक और थाना प्रभारी को बुलाकर जब्ती की प्रक्रिया पूरी कराई तथा दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जिला खनन पदाधिकारी को भी पूरे मामले की गहन जांच कर अवैध खनन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका चिन्हित करने को कहा गया।एसडीएम ने साफ शब्दों में कहा कि अवैध खनन केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि पर्यावरण और कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि ऐसी गतिविधियों की तुरंत सूचना प्रशासन को दें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध बालू कारोबारियों में दहशत का माहौल है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।



