खेलटॉप न्यूज़

खेलो इंडिया बॉक्सिंग प्रतियोगिता में एसजीएन की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन, थाना प्रभारी ने किया सम्मानित

खेलो इंडिया गढ़वा प्रतियोगिता में दो सिल्वर एवं एक ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली छात्राओं को  किया गया सम्मानित 

विकास कुमार 

मेराल । एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्टन विद्यालय की छात्राओं ने खेलो इंडिया विमेंस बॉक्सिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। 27 अप्रैल से 2 मई तक आयोजित खेलो इंडिया गढ़वा प्रतियोगिता में दो सिल्वर एवं एक ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में थाना प्रभारी विष्णुकांत ने सिल्वर मेडलिस्ट करुणा निधि एवं अर्पणा कुमारी तथा ब्रॉन्ज मेडलिस्ट सृष्टि कुमारी को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि जीवन में पढ़ाई और खेल के साथ-साथ नैतिकता एवं आत्मबल का होना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को शिष्टाचार, कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हुए कहा कि नैतिक बल और आत्मबल ही सफलता की मजबूत नींव होते हैं। साथ ही उन्होंने माता-पिता एवं बड़ों के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखने की सीख दी।

इस अवसर पर डॉ. अनिल साव ने बच्चों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सफलता की शुभकामनाएं दीं। विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए खेल सुविधाओं और संसाधनों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को निडर होकर खेल एवं पढ़ाई में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। झामुमो जिला युवा सचिव अतहर अली ने बच्चों को माता-पिता, शिक्षकों एवं बड़ों की बातों का सम्मान करने की सलाह दी। वहीं खेल प्रशिक्षक रामप्रवेश तिवारी ने विद्यालय में संचालित खेल गतिविधियों की जानकारी देते हुए खिलाड़ियों की प्रतिभा पर विश्वास जताया तथा अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपेक्षा की। कार्यक्रम में मुखिया रामसागर महतो, सुरेंद्र गोस्वामी, विवेकानंद चौबे सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय के निदेशक धर्मेंद्र देव ने बताया कि इससे पूर्व भी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रांची में आयोजित पंच सिल्ट प्रतियोगिता में 34 गोल्ड मेडल जीतकर तथा गतका प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार बच्चों के सर्वांगीण विकास, बेहतर प्रशिक्षण एवं खेल के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम में अरुण चौबे, पंकज कुमार पासवान, संजय ठाकुर, राहुल कुमार, संजय गुप्ता, प्रदीप कुमार, पंकज चौधरी, पूजा कुमारी, खुशबू, नेहा कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!