विकास कुमार
मेराल । थाना क्षेत्र के टिकुलडीहा गांव में मुहर्रम के चंदे को लेकर हुए विवाद में मारपीट का रूप ले लिया। घटना में एक महिला और उसका पुत्र घायल हो गए। दोनों का इलाज सदर अस्पताल, गढ़वा में कराया जा रहा है। मामले को लेकर पीड़िता ने मेराल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, टिकुलडीहा निवासी जूही खातून के घर मुहर्रम का चंदा लेने कुछ लोग पहुंचे थे। जूही खातून ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए ₹1000 चंदा देने की बात कही, लेकिन चंदा लेने आए लोगों ने कम से कम ₹5000 देने की मांग की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। जूही खातून का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चंदा लेने आए लोगों ने उनके साथ मारपीट की। शोर सुनकर उनका 17 वर्षीय पुत्र फैजान खान बीच-बचाव करने पहुंचा, लेकिन उसके साथ भी मारपीट की गई। इस घटना में मां-बेटा दोनों घायल हो गए। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनके गले की चेन और कान की बाली भी छीन लिया गया। आवेदन में सुल्तान खान, मेनन खान, कौशर खान, ताबिश खान, आदिल खान, अरमान खान और जाबिर खान समेत अन्य लोगों पर मारपीट और जबरन चंदा वसूली का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में मेराल थाना प्रभारी विष्णुकांत ने बताया कि जूही खातून द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन में जबरन चंदा वसूली को लेकर मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Back to top button
error: Content is protected !!