टॉप न्यूज़

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्टन में योगाभ्यास, निदेशक ने बताया योग का वास्तविक महत्व

विकास कुमार 

मेराल। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बंका रोड स्थित एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्टन, मेराल में विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों को विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ मानसिक एवं आध्यात्मिक उन्नति के लिए पद्मासन, योगासन, ईश्वर प्राणिधान, चक्र शोधन सहित विभिन्न योग प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लेकर कार्यक्रम को यादगार बनाया।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक धर्मेंद्र देव ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मिक उन्नति और जीवन के संतुलन का माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग साधना के लिए सात्विक शरीर एवं निर्मल मन की आवश्यकता होती है, तभी परम सत्ता की अनुभूति संभव हो सकती है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास करने वाले व्यक्ति आत्मनियंत्रित होते हैं और अपने उत्तरदायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करते हैं। वर्तमान समय में अनेक लोग बौद्धिक रूप से सक्षम होने के बावजूद भ्रष्टाचार और अनैतिक कार्यों में लिप्त हैं, क्योंकि उनके जीवन में योग के माध्यम से मिलने वाला शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन नहीं है।

धर्मेंद्र देव ने कहा कि आज योग धीरे-धीरे केवल व्यायाम और आसनों तक सीमित होता जा रहा है, जबकि उसका वास्तविक उद्देश्य व्यक्ति के नैतिक, आध्यात्मिक और चेतनात्मक विकास से जुड़ा है। उन्होंने समाज में योग के वास्तविक स्वरूप के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा इसे जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!