टॉप न्यूज़

मुहर्रम को लेकर मेराल प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील गांवों में निकाला फ्लैग मार्च

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

विकास कुमार 

मेराल। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए मेराल प्रखंड प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील गांवों में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा शांति बनाए रखने की अपील की।

फ्लैग मार्च का नेतृत्व सीओ सह बीडीओ यशवंत नायक और थाना प्रभारी विष्णु कांत ने किया। मार्च बिकताम, पेंदली, पचफेड़ी, ओखरगाड़ा, दलेली सहित कई गांवों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस जवानों और प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव-गांव पहुंचकर लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मुहर्रम मनाने की अपील की।

अधिकारियों ने कहा कि मुहर्रम त्याग, बलिदान और शांति का संदेश देने वाला पर्व है। इसलिए सभी लोग परंपरागत तरीके से इसे शांतिपूर्वक मनाएं तथा किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।सीओ सह बीडीओ यशवंत नायक ने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री से सावधान रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन या पुलिस को देने की अपील की।

वहीं थाना प्रभारी विष्णु कांत ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर है। अफवाह फैलाने, कानून व्यवस्था भंग करने या सांप्रदायिक माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और त्योहार के दौरान सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!