
विकास कुमार
मेराल। बंका रोड स्थित एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्टन की छात्रा अर्पणा कुमारी ने राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल कर विद्यालय, प्रखंड और जिले का नाम रोशन किया है। 13 से 15 जून तक सरायकेला-खरसावां में आयोजित अठारहवीं झारखंड स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए अर्पणा का चयन गढ़वा जिला बॉक्सिंग टीम में हुआ था। प्रतियोगिता के 49 से 61 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया। अर्पणा की इस उपलब्धि पर विद्यालय के निदेशक धर्मेंद्र देव ने खुशी और संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में मिशन ओलंपिक को ध्यान में रखकर छात्रों और छात्राओं को बॉक्सिंग सहित विभिन्न खेलों का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रशिक्षण का सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी विद्यालय की तीन छात्राओं ने वूमेन्स बॉक्सिंग लीग चैंपियनशिप में पदक जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया था। विद्यालय के बच्चे न केवल जिले का बल्कि राज्य स्तर पर भी गढ़वा का प्रतिनिधित्व कर सम्मान दिला रहे हैं, जो पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। धर्मेंद्र देव ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराना विद्यालय की प्राथमिकता है। छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज बॉक्सिंग सहित सभी खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। खेल न केवल बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, राष्ट्रीय सम्मान और सुरक्षित भविष्य का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अर्पणा की यह उपलब्धि भविष्य में और बड़ी सफलताओं की नींव साबित होगी। अर्पणा की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और यह जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।



