टॉप न्यूज़

डीलर पर 80 क्विंटल राशन की कालाबाजारी का आरोप, जांच की मांग

 

विकास कुमार 

मेराल। प्रखंड के ओखरगाड़ा पश्चिम निवासी सुनील कुमार गुप्ता ने बिकताम के जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलर ललू प्रसाद केशरी पर ममता महिला समूह के लाभुकों को जून माह का राशन नहीं देने तथा लगभग 80 क्विंटल राशन की कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सुनील कुमार गुप्ता ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ओखरगाड़ा पश्चिम स्थित ममता महिला समूह की पीडीएस दुकान का संचालन जनवरी माह से डीलर ललू प्रसाद केशरी द्वारा किया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार जून माह का राशन लाभुकों के बीच वितरित नहीं किया गया और करीब 80 क्विंटल राशन अवैध रूप से बेच दिया गया।

सुनील कुमार गुप्ता का कहना है कि ऑनलाइन रिकॉर्ड में वर्तमान में लगभग 90 क्विंटल राशन शेष दर्शाया जा रहा है, जबकि डीलर के गोदाम में मात्र 10 क्विंटल के आसपास राशन उपलब्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि राशन की कालाबाजारी कर दी गई है और अब डीलर जुलाई माह के राशन का भी उठाव करने की तैयारी में है। शिकायतकर्ता ने बताया कि मामले की सूचना पूर्व में भी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा लाभुकों को उनका हक का राशन उपलब्ध कराने की मांग की है।

जांच कर की जाएगी कार्रवाई : बीएसओ

मामले पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शशि कुमार कच्छप ने बताया कि पूर्व में प्राप्त शिकायत के आधार पर पीडीएस दुकान की जांच की गई थी, लेकिन स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी। अब नया शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है। राशन के उठाव, वितरण और स्टॉक का मिलान कर जांच की जाएगी। जांच में अनियमितता या गड़बड़ी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गोदाम से राशन नहीं मिलने से वितरण प्रभावित : डीलर

वहीं, आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए डीलर ललू प्रसाद केशरी ने कहा कि उनके गोदाम में गेहूं और चावल मिलाकर लगभग 6 क्विंटल राशन शेष है, जबकि प्रति माह करीब 30 क्विंटल राशन लाभुकों के बीच वितरित किया जाता है। उन्होंने कहा कि जून माह का राशन गोदाम से प्राप्त नहीं होने के कारण वितरण नहीं हो सका, जिसकी लिखित सूचना प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को दे दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!