मुसहर परिवार के ब्रह्मभोज में जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने बढ़ाया सहयोग का हाथ

विकास कुमार
मेराल । पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या 11 में निवास कर रहे मुसहर परिवार की सदस्य पार्वती मुसहरिन के निधन के बाद आयोजित ब्रह्मभोज कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने सहयोग कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के सामने ब्रह्मभोज कार्यक्रम के आयोजन में कठिनाइयों को देखते हुए पंचायत के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने आगे बढ़कर सहायता की। इस अवसर पर मेराल पूर्वी पंचायत के मुखिया राम सागर महतो, पंचायत सचिव राधा कुमारी, उपमुखिया अली शेर अंसारी, वार्ड सदस्य विनोद चौधरी, रहमुद्दीन अंसारी, देवव्रत कुमार, देव कुमार राम सहित अन्य लोगों ने कार्यक्रम के लिए आवश्यक खाने-पीने की सामग्री उपलब्ध कराई।मुखिया राम सागर महतो ने कहा कि दुख की इस घड़ी में जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ा होना समाज का दायित्व है। सभी लोगों ने पार्वती मुसहरिन की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य रखने का संदेश दिया। मौके पर अरूण मुसहर, ओमप्रकाश मुसहर, छोटू मुसहर, धर्मेंद्र मुसहर, सविता मुसहरिन,लोली,मुसहरिन, अनिता मुसहरिन सहित कई लोग उपस्थित थे।


