

विकास कुमार
मेराल (गढ़वा) । प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम में आयोजित वार्षिक महोत्सव के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत मेराल बाजार महावीर मंडली के स्थानीय कलाकारों द्वारा “महाराजा भरथरी” नाटक का भव्य मंचन किया गया। इस आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे परिसर में देर रात तक तालियों की गूंज सुनाई देती रही।

नाटक में महाराजा भरथरी के जीवन, उनके त्याग, वैराग्य और सांसारिक मोह-माया से मुक्ति की कथा को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से मंचित किया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय, संवाद अदायगी और भाव-भंगिमाओं के माध्यम से दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी। विशेष रूप से भरथरी की भूमिका निभाने वाले कलाकार ने अपने जीवंत अभिनय से दर्शकों को भावुक कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति रही। दर्शकों ने नाटक के माध्यम से समाज को मिलने वाले नैतिक संदेशों की सराहना की और कलाकारों की जमकर प्रशंसा की।

महोत्सव आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने स्थानीय कलाकारों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के मंच प्रतिभाओं को निखारने और आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। मौके पर मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय और सांस्कृतिक माहौल बना रहा, जिससे महोत्सव की गरिमा और भी बढ़ गई।

इन कलाकारों व सहयोगियों का रहा योगदान:
डायरेक्टर नरेन्द्र पटवा, राम जी ठाकुर, रमेश प्रसाद, कृष्णा सौणडीक, कृष्ण ठाकुर, मिथिलेश प्रसाद, धनंजय शर्मा, अजीत पटवा, रामनाथ ठाकुर, दिनेश ठाकुर, प्रिंस कुमार, रंजन कुमार, अजय ठाकुर, आर्यन बाबू सहित अन्य कलाकारों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


