सड़क दुर्घटना होने पर भागे नहीं, घायलों को सहायता करें
सड़क सुरक्षा प्रतिज्ञा” एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

विकास कुमार
गढ़वा । “सड़क सुरक्षा प्रतिज्ञा” एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने वाहन चलाते समय सड़क एवं यातायात नियमों का पालन करने, सड़क सुरक्षा के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए शिक्षित व जागरूक करने की प्रतिज्ञा ली। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से प्रभावित व्यक्तियों की सहायता करने की अपील की गई। दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक संजय बैठा ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएँ यातायात नियमों का पालन न करने के कारण होती हैं। उन्होंने बाइक चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट के उपयोग पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी वाहन चालकों से अपने वाहन के समस्त दस्तावेज दुरुस्त रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि वाहन के कागजात सही नहीं रहने पर दुर्घटना के बाद क्षतिपूर्ति दावा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि वाहन चलाते समय क्रोधित न हों, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सड़क पर हमेशा ट्रैफिक नियमों का अनुपालन करें। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अवसर पर गढ़वा जिले के विभिन्न स्थानों पर व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें जागरूकता रथ, रिफ्लेक्टिव टेप का इंस्टॉलेशन, सघन वाहन जाँच, DL एवं LL काउंसलिंग, रोड सेफ्टी पंपलेट एवं पुस्तक वितरण, सेल्फी विद हेलमेट एंड सीट बेल्ट, नुक्कड़ नाटक, प्रभात फेरी, गुड सेमेरिटन एवं हिट एंड रन जागरूकता, ड्रंक एंड ड्राइव व ओवरलोडिंग के विरुद्ध सघन जाँच, रोड सेफ्टी क्विज, हेलमेट वितरण, रोड एट रोज, रोड सेफ्टी बाइक रैली, झांकी, नि:शुल्क जाँच शिविर, स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम, सड़क सुरक्षा शपथ, रक्तदान शिविर, पतंग महोत्सव, नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान तथा Run for Road Safety (मैराथन) का आयोजन शामिल है। इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता को सुदृढ़ किया जा रहा है।


