टॉप न्यूज़

नीट की परीक्षा में सफल होने पर मनीष को एसडी मेमोरियल एकेडमी में भव्य सम्मान

विकास कुमार 

मेराल। मेहनत और लगन से सफलता की नई मिसाल कायम करने वाले मेराल थाना क्षेत्र के लातदाग गांव निवासी किसान पुत्र मनीष यादव को सोमवार को एस डी मेमोरियल एकेडमी में सम्मानित किया गया। नीट-2026 परीक्षा में 534 अंक प्राप्त कर प्रथम प्रयास में सफलता हासिल करने वाले मनीष का विद्यालय परिवार ने प्रार्थना सभा के दौरान गर्मजोशी से स्वागत किया। विद्यालय के निदेशक ब्रजेश कुमार मिश्र एवं शिक्षकों ने मनीष को डायरी और पेन भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा और छात्र-छात्राओं ने मनीष की उपलब्धि का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। मनीष ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नर्सरी से सातवीं कक्षा तक एस डी मेमोरियल एकेडमी से प्राप्त की। साधारण किसान परिवार से आने के बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर पहले ही प्रयास में नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि सफलता संसाधनों से नहीं, बल्कि मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से मिलती है।

इस मौके पर निदेशक ब्रजेश कुमार मिश्र ने कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, यदि विद्यार्थी ईमानदारी और निरंतर मेहनत करते हैं तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमती है। उन्होंने कहा कि मनीष आज विद्यालय ही नहीं, पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं। साथ ही उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई के लिए मनीष को शुभकामनाएं देते हुए अन्य विद्यार्थियों से भी उनसे प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि एस डी मेमोरियल एकेडमी से शिक्षा प्राप्त कर चुके करीब आधा दर्जन छात्र वर्तमान में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं, जो संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है। इस अवसर पर प्राचार्य अरुण कुमार, अमरेंद्र कुमार मिश्र, मृत्युंजय पांडेय, इरशाद अंसारी, जयप्रकाश पांडेय, धर्मेंद्र पासवान, देवकीर्ति टोप्पो, अंशु जायसवाल, अनिमा कुजूर, मीणा केरकेट्टा, बबीता कुमारी, नसरीन, अनामिका सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!