खाना बनाते समय उठी चिंगारी से लगी आग, ग्रामीणों की सूझबूझ से बचीं कई घर

आधी रात आग का तांडव, घनी आबादी में बड़ा हादसा टला
विकास कुमार
मेराल । मेराल थाना क्षेत्र के करकोमा गांव स्थित ख़ुटेलिया टोला में बीती रात अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा असर्फी चौधरी (पिता– चुलहन चौधरी) के घर में हुआ, जहां खाना बनाने के दौरान उठी एक छोटी सी चिंगारी ने देखते ही देखते फूस और प्लास्टिक से बने मड़ई को अपनी चपेट में ले लिया।

आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका दहशत में आ गया। घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में लोग घरों से बाहर निकल आए और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए मोटर पंप और बाल्टियों से लगातार पानी डालकर आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की तत्परता और साहस की बदौलत एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, वरना आग आसपास के कई घरों तक पहुंच सकती थी और भारी जनहानि की आशंका थी। घटना की सूचना मिलते ही अंचल पदाधिकारी यशवंत नायक ने तुरंत फायर ब्रिगेड टीम को रवाना करने का निर्देश दिया। हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर नियंत्रण पा लिया था। सीओ के निर्देश पर राजस्व कर्मचारी संजीव कुमार मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घनी आबादी में लगी इस आग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। लोगों का कहना है कि अगर कुछ मिनट और देर होती, तो पूरा टोला आग की चपेट में आ सकता था




