रामानुजगंज में धूमधाम से मनी बाबा साहेब की 135वीं जयंती, मंत्री रामविचार नेताम ने किया माल्यार्पण

विकास कुमार
रामानुजगंज । डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के साथ मनाई गई। रविदास समाज कल्याण समिति सरगुजा के बैनर तले विजयनगर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के कृषि एवं कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य शोभायात्रा से हुई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। हाथों में झंडे और बैनर लिए लोग डीजे की जोशीली धुन पर झूमते हुए बाबा साहेब के विचारों का जयघोष करते नजर आए। पूरे क्षेत्र में ‘जय भीम’ के नारों से माहौल गूंज उठा और सामाजिक समरसता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। अंबेडकर जयंती पर देशभर में ऐसे भव्य आयोजन किए गए हैं।

शोभायात्रा के बाद मंत्री रामविचार नेताम ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सामाजिक न्याय, शिक्षा, समानता और आत्मसम्मान के मूल्यों को मजबूत करने का काम किया तथा जीवनभर जातिगत भेदभाव के खिलाफ संघर्ष किया। मंत्री ने इस अवसर पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर स्थल के भवन निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए भूमि पूजन भी किया, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। समिति की ओर से मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र और बुके देकर भव्य स्वागत किया गया।

इस मौके पर शिव प्रसाद रवि, सत्य प्रकाश रवि, चंद्रदेव राम, अनिल कुमार रवि, नंदलाल रवि सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने सामाजिक एकता, सम्मान और बाबा साहेब के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।




