क्राइमटॉप न्यूज़

तेज रफ्तार वाहन ने युवक को रौंदा घटनास्थल पर मौत, उग्र हुआ जनआक्रोश

निर्माणाधीन फोरलेन बना ‘मौत का हाईवे’

विकास कुमार 

गढ़वा (रमना)। निर्माणाधीन फोरलेन सड़क एक बार फिर खून से लाल हो गई। बुधवार को रामगढ़ मोड़ के समीप तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने एक युवक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिससे इलाके में आक्रोश फैल गया। मृतक की पहचान झुरहा गांव निवासी राजा बियार के 20 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि पंकज रोज की तरह सुबह लूना से बाजार ठेला लगाने जा रहा था, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर फोरलेन जाम कर दिया। जाम के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। उग्र ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा, घटनास्थल पर सर्विस लेन निर्माण और एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी।

सूचना मिलते ही रमना थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों के तीव्र विरोध के कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। इसी दौरान थाना प्रभारी आकाश कुमार कैदी को लेकर गढ़वा जा रहे थे, लेकिन उनका वाहन भी जाम में फंस गया। पुलिस द्वारा जाम हटाने की कोशिश के दौरान कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इस घटना में पुलिसकर्मियों और कुछ ग्रामीणों को हल्की चोटें आईं, जबकि एक पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

बाद में मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों—झामुमो नेता ताहिर अंसारी, जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, प्रखंड प्रमुख करुणा सोनी, दीपक प्रताप देव, विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा, अनुज कुमार चंद्रवंशी, अजीत कुमार सोनी और अशोक पासवान ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाकर शांत कराया।

सीओ विकास पांडेय और पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने तत्काल एक लाख रुपये की नगद सहायता, पारिवारिक लाभ योजना का लाभ दिलाने तथा सर्विस लेन निर्माण के लिए पहल करने का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब साढ़े छह घंटे बाद शाम पांच बजे जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर निर्माणाधीन फोरलेन सड़क की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!