विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने भव्य भक्ति जागरण का किया शुभारंभ, हजारों श्रद्धालु झूम उठे

विकास कुमार
मेराल। रामनवमी एवं चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर शनिवार की रात्रि मां शायर देवी धाम मंदिर परिसर भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर हो उठा। यहां आयोजित भक्ति जागरण कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां पूरी रात भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने मां शायर देवी का दर्शन कर क्षेत्र में अमन-चैन और खुशहाली की कामना की। उन्होंने अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर डॉ. अनिल साह, प्रेमचंद प्रसाद, मुखिया राम सागर महतो, अतहर अली अंसारी, मुन्ना राम, अध्यक्ष विजय प्रसाद, डॉ. लालमोहन, अजय प्रसाद गुप्ता, दशरथ प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

देवी धाम संचालन समिति द्वारा अतिथियों का मंदिर का फोटो, बुके, माला एवं अंगवस्त्र देकर भव्य स्वागत किया गया। वहीं समिति के अध्यक्ष विजय प्रसाद ने विधायक को तलवार भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित और विकास की राह पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि आज सभी धर्मों के लोग स्वतंत्र और सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अपने संबोधन का समापन उन्होंने “जय श्री राम” के जयघोष के साथ किया।

इस दौरान विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने घोषणा की कि मंदिर परिसर में चापाकल, शौचालय तथा छठ व्रत से पूर्व छठ घाट का निर्माण विधायक मद से कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।

भक्ति जागरण की शुरुआत भोजपुरी के प्रसिद्ध गायक मोनू अलबेला ने गणेश वंदना “वक्रतुंड महाकाय” से की। इसके बाद उन्होंने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं गायिका अदिति राज ने मां भगवती के भजनों से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया, जिस पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
रात्रि 3 बजे तक चले इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग शामिल रहे। भक्ति और संगीत के इस अद्भुत संगम में हर कोई शुरू से अंत तक डटा रहा।




