मां शायर देवी धाम में वार्षिक महोत्सव के सातवें दिन “राजा हरिश्चंद्र” नाटक का भावपूर्ण मंचन

विकास कुमार
मेराल। प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम में चल रहे वार्षिक महोत्सव के सातवें दिन गुरुवार की रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आजाद नवयुवक संघ छः आना टोला के स्थानीय कलाकारों द्वारा “राजा हरिश्चंद्र” नाटक का भावपूर्ण मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से सत्य, धर्म और त्याग की अद्भुत कथा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे देख दर्शक भाव-विभोर हो उठे।

कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय से राजा हरिश्चंद्र के सत्यनिष्ठ जीवन, कठिन संघर्ष और वचन पालन की महान गाथा को बखूबी मंच पर उतारा। नाटक के हर दृश्य में दर्शकों की तालियों की गूंज सुनाई दी और उपस्थित लोगों ने कलाकारों के अभिनय की जमकर सराहना की।

इस नाटक के मुख्य कलाकार एवं निर्देशक आशुतोष शर्मा के साथ रवीन्द्र प्रसाद, मुन्ना राम, संदीप कुमार, विष्णु कांत प्रसाद, सुनिल राम, अशोक राम, नान्हू यादव, दामोदर कुमार, किशु ठाकुर एवं विजय ठाकुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी कलाकारों ने अपने-अपने किरदार को जीवंत कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
महोत्सव में प्रतिदिन हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों से क्षेत्र में भक्ति और उत्सव का माहौल बना हुआ है। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि आगे भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिल सके और लोगों का मनोरंजन भी हो।




