टॉप न्यूज़

भारत स्वाभिमान ट्रस्ट का 32वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

पतंजलि योग समिति के मिशन में सक्रिय योगदान देने का संकल्प: अरुण कुमार मिश्रा

 

विकास कुमार 

मेराल। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट का 32वां स्थापना दिवस समारोह चामा स्थित कृषक पाठशाला में हवन-यज्ञ एवं गोष्ठी के आयोजन के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिला स्तरीय इस सामूहिक कार्यक्रम की शुरुआत योग विस्तारक सुशील केसरी द्वारा वैदिक हवन-यज्ञ से कराई गई, जिसमें दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

इसके पश्चात आयोजित गोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथि पतंजलि के वरिष्ठ योग शिक्षक अरुण कुमार मिश्रा उर्फ फलाहारी बाबा, भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिला प्रभारी संतोष कुमार चौबे, पतंजलि के जिला प्रभारी शैलेश कुमार शुक्ला एवं प्रदीप केसरी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीएसटी जिला प्रभारी संतोष कुमार चौबे ने कहा कि आज से 31 वर्ष पूर्व योग ऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज के नेतृत्व में योग, आयुर्वेद, स्वदेशी, सनातन धर्म, विकसित भारत एवं भारतीय संस्कृति के पुनर्जागरण के उद्देश्य से पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान ट्रस्ट की स्थापना की गई थी। उन्होंने सभी से प्रतिदिन योग करने तथा कार्यकर्ताओं से योग कक्षाएं लगाकर पतंजलि के मिशन को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि अरुण कुमार मिश्रा ने पतंजलि योग समिति के मिशन में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दोहराते हुए स्वस्थ जीवन के लिए योग और आयुर्वेद को अपनाने की सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन कर रहे पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी शैलेश कुमार शुक्ला ने योग एवं आयुर्वेद के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए भारतीय शिक्षा बोर्ड और वैदिक शिक्षा पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश के सभी जिलों में गुरुकुलम एवं आचार्य कुलम की स्थापना की जाएगी, जहां बच्चों को वैदिक शिक्षा प्रदान की जाएगी।

वहीं भारतीय शिक्षा बोर्ड के जिला प्रभारी ब्रजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि योग ऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज के निर्देशन में सीबीएसई के पैटर्न पर आधुनिक शिक्षा के साथ वैदिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भारतीय शिक्षा बोर्ड का गठन किया गया है।

 

कार्यक्रम में बंशीधर नगर, रमना, मेराल, गढ़वा, भंडरिया सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। उपस्थित प्रमुख लोगों में विजय सोनी, प्रदीप केसरी, मीना केसरी, रंजीत चौबे, सत्येंद्र सिंह, आनंद मोहन तिवारी, आशुतोष, ओमकार जी, गुप्तेश्वर प्रसाद, सत्येंद्र प्रसाद, पीयूष तिवारी, रणजीत सिंह, सुरजीत सिंह, सुरेंद्र प्रसाद केसरी एवं संगीता गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!