विधायक प्रतिनिधि ने मेराल प्रखंड की प्रमुख समस्याओं को लेकर डीसी को लिखा पत्र

विकास कुमार
मेराल । प्रखंड मुख्यालय की कई ज्वलंत समस्याओं को प्रखंड विधायक प्रतिनिधि डॉ. लाल मोहन ने लगातार प्रखंड स्तर की बैठकों में गंभीरता से उठाया है। विशेष रूप से मेराल बस स्टैंड चौराहा से जुड़ी समस्याएं—जैसे सब्जी बाजार का अव्यवस्थित संचालन, टैक्सी स्टैंड, शौचालय की कमी, तथा चौराहे पर नियमित रूप से पुलिस बल की तैनाती—को पंचायत समिति की बैठकों में प्रमुखता से रखा गया है। इन समस्याओं की जानकारी क्षेत्रीय विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी को दिए जाने पर उन्होंने भी गंभीरता दिखाते हुए गढ़वा के उपायुक्त को पत्राचार किया है। विधायक प्रतिनिधि ने प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की है।

मेराल बस स्टैंड चौराहे के समीप डंडई मोड़ पर कई दशक पूर्व बना गेट आज भी अधूरा और जर्जर अवस्था में है। गेट संकुचित होने के कारण वहां से आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण करने वाली कंपनी द्वारा भीड़भाड़ वाले इस स्थान पर दोनों ओर पहुंच पथ को समय रहते दुरुस्त नहीं किया गया, जो लापरवाही को दर्शाता है। इसके कारण आए दिन छोटी-बड़ी घटनाएं हो रही हैं और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। डॉ. लाल मोहन ने प्रशासन से मांग की है कि डंडई मोड़ पर अधूरे गेट को तत्काल ध्वस्त कर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा संवेदक से नाली निर्माण व सड़क की मरम्मत का कार्य अविलंब पूरा कराया जाए। इस वित्तीय वर्ष में माननीय विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने इस क्षेत्र के विकास से जुड़े कई मुद्दों को विधानसभा में उठाया है और विभिन्न विभागीय मंत्रियों को भी पत्राचार किया है। हालांकि राज्य सरकार द्वारा वित्तीय संकट का हवाला दिए जाने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। विधायक प्रतिनिधि ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर पहल नहीं करता है, तो आगामी विधानसभा सत्र में इन सभी मुद्दों को पुनः मजबूती से उठाया जाएगा।



