120 महिला किसानों के बीच 500 किलो अरहर बीज का वितरण, दलहन उत्पादन बढ़ाने की पहल

विकास कुमार
मेराल। प्रखंड के खोरीडीह गांव में कृषि विभाग एवं जेएसएलपीएस के संयुक्त तत्वावधान में एनएमएनएफ क्लस्टर के अंतर्गत 120 महिला किसान दीदियों के बीच 500 किलोग्राम अरहर बीज का शत-प्रतिशत अनुदान पर वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दलहन उत्पादन को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि करना तथा प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदान संस्था के प्रतिनिधि प्रभात रंजन, जेएसएलपीएस के FTC राजदेव बड़ा तथा मेराल FPO के CEO अभिषेक ओझा ने संयुक्त रूप से महिला किसान दीदियों को अरहर बीज वितरित कर किया। इस दौरान किसानों को अरहर की वैज्ञानिक खेती, बेहतर उत्पादन तकनीक तथा प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। दलहन फसलों की खेती से जहां मिट्टी की उर्वरता में सुधार होता है, वहीं किसानों को अतिरिक्त आय का भी अवसर मिलता है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के सफल संचालन में एफटीसी राजदेव बड़ा, सीसी मनोज कुमार चौरसिया एवं ओमप्रकाश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिला किसान दीदियां, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। यह बीज वितरण अभियान क्षेत्र में दलहन उत्पादन बढ़ाने, महिला किसानों को आत्मनिर्भर बनाने तथा कृषि आधारित आजीविका को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




