
विकास कुमार
मेराल (गढ़वा)। खेलो इंडिया अस्मिता कार्यक्रम के तहत शनिवार को मेराल हाई स्कूल मैदान में आयोजित साइकिलिंग प्रतियोगिता में छात्राओं का उत्साह देखते ही बना। सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों की 450 छात्राओं ने विभिन्न आयु वर्गों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ डीडीसी हेमलता मुर्मू, प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी,थाना प्रभारी विष्णु कांत, भारतीय साइकिलिंग संघ के शैलेंद्र पाठक, सुशील तिवारी, डॉ. लाल बहादुर साव सहित अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीडीसी हेमलता मुर्मू ने कहा कि केंद्र सरकार का खेलो इंडिया अस्मिता कार्यक्रम बेटियों को खेलों में आगे बढ़ाने का सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि लड़कियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर देने की है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों के लिए भविष्य में रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति की सराहना की। सुशील तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन वूमेन एलीट, जूनियर एवं सब-जूनियर वर्गों में किया गया, जिसमें कुल 450 छात्राओं ने भाग लिया।

प्रतियोगिता के विजेता
वूमेन एलीट वर्ग
प्रथम प्रियंका कुमारी, द्वितीय साक्षी कुमारी,तृतीय प्रीति कुमारी

सब-जूनियर वर्ग
प्रथम नंदनी कुमारी,द्वितीय रजिया खातून,तृतीय प्रतिमा कुमारी

जूनियर वर्ग
प्रथम रिया भारती, द्वितीय शारदा कुमारी, तृतीय रूमी खातून

विजेता छात्राओं को अतिथियों द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी 450 छात्राओं को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर शशि कुमार कश्यप, रामानंद विश्वकर्मा, नीरज श्रीधर, अनिल ओझा, लालता पटेल, संजय भगत, शिक्षक मनोज चौधरी, भरत राम, सत्येंद्र पांडे,अतहर अली अंसारी, राजेश बैठा सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।



