मुख्यमंत्री सारथी योजना से बदली जिंदगी: मेराल की प्रशिक्षु पुष्पा को टाटा मोटर्स में ₹18 हजार मासिक वेतन पर मिली नौकरी

विकास कुमार
मेराल। प्रखंड के बाना गांव स्थित हारादाग मोड़ के आइसेक्ट मेगा स्किल सेंटर में सोमवार को स्टार एल्यूमिनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल करने वाली प्रशिक्षु पुष्पा कुमारी को सम्मानित किया गया।लवाही कला (डंडई) निवासी पुष्पा कुमारी का चयन टाटा मोटर्स, अहमदाबाद में ₹18,000 मासिक वेतन पर हुआ है। नौकरी मिलने से उनके परिवार में खुशी का माहौल है। पुष्पा ने बताया कि रोजगार मिलने के बाद उन्होंने परिवार की जिम्मेदारियों को संभालने में महत्वपूर्ण योगदान देना शुरू किया है। इस अवसर पर आयोजित स्वागत समारोह में पुष्पा ने अपने प्रशिक्षण के अनुभव साझा करते हुए प्रशिक्षणार्थियों को मेहनत, आत्मविश्वास और प्लेसमेंट के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आइसेक्ट मेगा स्किल सेंटर द्वारा मिले प्रशिक्षण ने उन्हें रोजगार के योग्य बनाया। साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का मुख्यमंत्री सारथी योजना जैसी रोजगारोन्मुखी पहल शुरू करने के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में रंजीत वर्मा, दीपशिखा कुमारी, खुशबू कुमारी, हसीना खातून, काजल कुमारी, रोशनी कुमारी सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। समारोह में युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया।




