भसुर पर मारपीट, पिस्तौल दिखाकर धमकी और घर का सामान बेचने का आरोप, जेएसएलपीएस कर्मी ने थाना में लगाई गुहार

विकास कुमार
मेराल । थाना क्षेत्र के मेराल पूर्वी गांव की रहने वाली जेएसएलपीएस की ब्लॉक स्तरीय जेंडर सीआरपी समता देवी ने अपने पति सूर्यकांत मेहता और भसुर चन्द्रकांत मेहता पर गंभीर आरोप लगाते हुए मेराल थाना में लिखित आवेदन देकर सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि लंबे समय से उनके साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी थाना को सूचना दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद उत्पीड़न नहीं रुका। समता देवी के अनुसार, हाल ही में जब वह अपने पति को घर वापस लाने गईं, तो उनके भसुर ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की और बाद में उनके पति को स्कूटी पर बैठाकर अपने साथ ले गए।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि भसुर ने घर में रखा गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, बर्तन, साड़ी, कपड़े, चावल, सरसों सहित अन्य घरेलू सामान ले जाकर बेच दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी अधिकांश जमीन भी बेच दी है और अब उनके हिस्से की जमीन बेचने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया और कानूनी कार्रवाई शुरू की, तो उनके भसुर ने कथित तौर पर पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पति और भसुर उनके कार्यस्थल पर पहुंचकर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट करते हैं तथा नौकरी छोड़ने का दबाव बनाते हैं। जेएसएलपीएस में कार्यरत समता देवी ने कहा कि लगातार मिल रही धमकियों और प्रताड़ना से वह और उनका परिवार भय के माहौल में जी रहा है। उन्होंने मेराल थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल, यह सभी आरोप पीड़िता द्वारा थाना में दिए गए आवेदन पर आधारित हैं। मामले में पुलिस की जांच और दूसरे पक्ष का बयान आना बाकी है।



