टॉप न्यूज़

मोहर्रम पर्व में अशांति फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई : डीएसपी

 

विकास कुमार 

मेराल। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को मेराल थाना परिसर में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दिलु लोहार की अध्यक्षता में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड की 20 पंचायतों के जनप्रतिनिधि, ताजिया कमेटी के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं दोनों समुदायों के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विभिन्न पंचायतों के लोगों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं को प्रशासन के समक्ष रखा। प्रशासन ने सभी समस्याओं के समाधान एवं त्योहार के दौरान हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

डीएसपी दिलु लोहार ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है और इसमें आम लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन ताजिया कमेटियों के लाइसेंसधारी व्यक्तियों का निधन हो चुका है, वे तत्काल बैठक कर नए व्यक्ति के नाम से लाइसेंस निर्गत कराने की प्रक्रिया पूरी करें। डीएसपी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति, उपद्रव या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी का सख्त निर्देश

थाना प्रभारी विष्णु कांत ने कहा कि सभी लोग प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व मनाएं। किसी भी प्रकार की समस्या या संदेह की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने ताजिया कमेटियों से स्वयंसेवकों (वॉलिंटियर) का चयन कर उनकी सूची थाना को उपलब्ध कराने का आग्रह किया। सोशल मीडिया को लेकर भी थाना प्रभारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या माहौल खराब करने वाली गतिविधियों पर प्रशासन की लगातार निगरानी है। ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

बैठक में नियुक्त मजिस्ट्रेट बसंत पांडे, प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी, उप प्रमुख निजामुद्दीन खान, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, राजद के कार्यकारी जिला अध्यक्ष करीब अंसारी, सांसद प्रतिनिधि विजय गुप्ता, राम सागर महतो सहित कई जनप्रतिनिधियों ने लोगों से मोहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।बैठक में मुखिया रामप्रवेश चंद्रवंशी, अजीज अंसारी, संजय राम, मनदीप सिंह, रामप्रवेश चंद्रवंशी जहूर रंगसाज, मोहम्मद खालिद, मोहम्मद जाफर अंसारी, नेपाल विश्वकर्मा, महमूद अंसारी, रुपू महतो, धर्मराज राम, रविंद्र गुप्ता, विजय चौधरी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

मुख्य संदेश

“मोहर्रम शांति और भाईचारे का पर्व है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!