मेराल में योग का महाकुंभ: सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प

“योग वह अमृत है जो अस्पताल के बेड पर नहीं जाने देगा” – प्रखंड प्रमुख दीपमाला
विकास कुमार
मेराल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मेराल हाई स्कूल मैदान शनिवार को योग साधकों से गुलजार हो उठा। पतंजलि योग समिति प्रखंड इकाई एवं प्रखंड प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रखंड स्तरीय भव्य योग महोत्सव में सैकड़ों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी, योग शिक्षिका सुषमा कुशवाहा, थाना प्रभारी विष्णु कांत, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, मुखिया रामसागर महतो, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुमार कुशवाहा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद योग शिक्षिका सुषमा कुशवाहा ने उपस्थित लोगों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

अपने संबोधन में प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी ने कहा कि “योग वह अमृत है जो हमें अस्पताल के बेड पर नहीं जाने देगा।” उन्होंने कहा कि नियमित योग से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है तथा जीवन में सफलता प्राप्त करता है।

थाना प्रभारी विष्णु कांत ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए भी जागरूक किया। वहीं विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरा विश्व इसे अपना रहा है। उन्होंने कहा, “यदि लोग योग के लिए समय नहीं निकालेंगे तो भविष्य में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में समय देना पड़ेगा।”

डॉ. अनिल साह ने योग को रोगों से बचाव का सशक्त माध्यम बताते हुए नियमित योगाभ्यास की आवश्यकता पर बल दिया। पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान न्यास के प्रखंड प्रभारी बलराम शर्मा ने कहा कि अनुशासन, संयम और सदाचार भी योग का ही स्वरूप हैं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा सत्य और नैतिकता के मार्ग पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं योग प्रोटोकॉल पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया।

योग महोत्सव में अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरा मैदान योगमय वातावरण में रंग गया।



