मेराल पूर्वी पंचायत भवन में ग्राम सभा आयोजित 442 पीएम आवास प्लस लाभुकों की सूची पढ़कर सुनाई

विकास कुमार
मेराल। पूर्वी पंचायत भवन के सभागार में मंगलवार को मुखिया राम सागर महतो की अध्यक्षता में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत तैयार की गई परमानेंट वेटिंग लिस्ट (PWL) का सत्यापन एवं अनुमोदन करना था। ग्राम सभा के दौरान वर्ष 2024 के सर्वे के आधार पर तैयार पीएम आवास प्लस की सूची ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाई गई। जानकारी दी गई कि सर्वे के अनुसार कुल 778 लाभुकों की सूची तैयार कर प्रखंड को भेजी गई थी, जिसमें से 442 लाभुकों की सूची आवास प्लस में शामिल हुई है। इसमें अनुसूचित जनजाति (एसटी) के 6, अनुसूचित जाति (एससी) के 103 तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के 333 लाभुक शामिल हैं।

बैठक में ग्रामीणों को भारत सरकार द्वारा निर्धारित आवास योजना के योग्यता एवं अयोग्यता मानदंडों की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि पक्के मकान, सरकारी नौकरी, आयकरदाता, अधिक भूमि या वाहन रखने वाले परिवारों को सूची से बाहर किया जा सकता है, जबकि बेघर, विधवा, दिव्यांग सदस्य वाले परिवार, निराश्रित, बंधुआ मजदूर एवं गंभीर बीमारी से ग्रसित सदस्य वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।कार्यक्रम में एईई कुश कुमार केसरी, पंचायत सचिव राधा कुमारी, उपमुखिया अली शेर अंसारी, वार्ड सदस्य भोलाराम, विनोद चौधरी, उषा देवी, देव कुमार राम, वार्ड प्रतिनिधि रहीमुद्दीन अंसारी, देवव्रत कुमार, विनेश कुमार, रूपू महतो सहित बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे। ग्राम सभा के दौरान लोगों ने आवास योजना की सूची का अवलोकन किया तथा पात्र लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने पर जोर दिया। पंचायत प्रतिनिधियों ने आश्वस्त किया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संचालित की जाएगी ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।




