ऑटो के अचानक ब्रेक लगाने से मां बेटी गिरी सड़क पर, 10 माह की मासूम की मौत, मां घायल

विकास कुमार
मेराल। राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 10 माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, गढ़वा की ओर जा रहे एक ऑटो ने थाना मुख्यालय स्थित रामकृष्ण पेट्रोल पंप के समीप सड़क किनारे खड़ी एक अन्य ऑटो से टकराने से बचने के लिए अचानक जोरदार ब्रेक लगा दिया। ब्रेक लगते ही ऑटो में सवार आरती देवी अपनी 10 माह की बेटी दिव्यांशी कुमारी को गोद में लेकर बैठी थीं। संतुलन बिगड़ने से मां-बेटी सड़क पर गिर गईं। हादसे में मासूम दिव्यांशी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मां और बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेराल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दिव्यांशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल मां आरती देवी (26 वर्ष), पति अरविंद बैठा, निवासी पुतुर-सगमा का इलाज किया गया।

मृत बच्ची की नानी सुनीता देवी ने बताया कि परिवार के सदस्य हारादाग गांव से इलाज कराने गढ़वा जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास ऑटो चालक के अचानक ब्रेक लगाने से यह दर्दनाक हादसा हो गया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर मेराल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।एक पल की चूक ने उजाड़ दी मां की गोद, 10 माह की दिव्यांशी की मौत से हर आंख नम है।




