बकरीद पर्व को लेकर मेराल थाना में शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील

विकास कुमार
मेराल । थाना परिसर में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी बिष्णु कांत ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के प्रबुद्ध लोगों ने आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की। बैठक को संबोधित करते हुए अंचलाधिकारी यशवंत नायक ने कहा कि मेराल क्षेत्र में वर्षों से हिन्दू और मुस्लिम समुदाय मिलजुल कर सभी पर्व मनाते आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यदि कुर्बानी देनी ही है तो अपने भीतर छिपे अहंकार और बुराइयों की दें। थाना प्रभारी बिष्णु कांत ने भीषण गर्मी को देखते हुए समाज के प्रबुद्ध लोगों से चौक-चौराहों पर राहगीरों के लिए पेयजल की व्यवस्था करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने युवाओं से समाज में शांति, भाईचारा और सहयोग की भावना मजबूत करने में आगे आने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन इसमें समाज के सभी वर्गों का सहयोग जरूरी है। बैठक में विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन तथा सांसद प्रतिनिधि विजय प्रसाद गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी का वास्तविक अर्थ त्याग और अल्लाह के प्रति सच्चा समर्पण है। लोगों को अपने भीतर की बुराइयों, घृणा और अहंकार का त्याग कर समाज में प्रेम और सद्भाव का संदेश देना चाहिए। इस अवसर पर जिला परिषद प्रतिनिधि करीब अंसारी, उप प्रमुख निजामुद्दीन खां, संजय भगत, मुखिया रामसागर महतो, अतहर अली अंसारी समेत अन्य वक्ताओं ने भी बकरीद पर अपने भीतर छिपी बुराइयों की कुर्बानी देने की बात कही।बैठक में शंभू प्रसाद, दिलीप कुमार मेहता, विजय सिंह, जफीर अंसारी, कलाम खान, वाजुदीन अंसारी, राजकुमार महतो, परशुराम कुशवाहा, विनय ठाकुर, शिवकुमार चौधरी, मुखिया मंदीप सिंह, अजीज अंसारी, हरेंद्र चौधरी, रविन्द्र गुप्ता सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।




