मेराल में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन, दिखी गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल

दावत-ए-इफ्तार का आयोजन, दिखी गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल
विकास कुमार
मेराल । प्रखण्ड मुख्यालय स्थित मेराल पूर्वी पंचायत सचिवालय में मंगलवार की शाम मुखिया राम सागर महतो द्वारा दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया। पवित्र रमजान महीने के अवसर पर आयोजित इस इफ्तार पार्टी में सामाजिक सद्भाव और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत झलक देखने को मिली। इस सामूहिक इफ्तार में रोजेदारों के साथ-साथ मेराल के कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने एक साथ रोजा खोलकर जलपान किया और एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी।

बीडीओ सह सीओ यशवंत नायक एवं विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में प्रेम, भाईचारा और आपसी सौहार्द को मजबूत करते हैं। मुखिया राम सागर महतो ने कहा कि रमजान का महीना त्याग, संयम, सेवा और इंसानियत का संदेश देता है। उन्होंने सभी समुदायों से अपील की कि ऐसे पावन अवसरों पर मिल-जुलकर एक-दूसरे की खुशियों में शामिल हों। कार्यक्रम में मौजूद रोजेदारों ने देश और समाज में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ मांगी।

इफ्तार पार्टी में अतहर अली, मोहम्मद हुसैन, आलम अंसारी, जफिर अंसारी, असरफ अंसारी, रेयासत अंसारी, अख्तर अंसारी, मजमुद्दीन अंसारी, मकसूद अंसारी, मुस्लिम अंसारी, खादीम अंसारी, वार्ड सदस्य देव कुमार राम, देवव्रत कुमार, बिनेश कुमार, बाल गोविंद शाह, कामेश्वर मेहता, सोबरन मेहता सहित कई लोग उपस्थित रहे।



