
पुरानी रंजिश के चलते जानबूझकर मुर्गी फॉर्म में लगाई आग: केश्वर राम
बड़ी संख्या में मुर्गियां जलकर नष्ट, लगभग 9 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान
विकास कुमार
धुरकी। थाना क्षेत्र के खाला टोला, कछरवा गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मुर्गी फॉर्म में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे शेड को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर पल रही बड़ी संख्या में मुर्गियां जलकर खाक हो गईं। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।पीड़ित केशवर राम पिता नकछेदी राम ने धुरकी थाना में लिखित आवेदन देकर गांव की ही चंपा देवी, पति पवन राम पर गंभीर आरोप लगाया है। आवेदन में कहा गया है कि पुरानी रंजिश के चलते जानबूझकर मुर्गी फॉर्म में आग लगाई गई, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ। पीड़ित के अनुसार आगजनी में मुर्गी शेड, दाना, जरूरी सामान और बड़ी संख्या में मुर्गियां जलकर नष्ट हो गईं। इस घटना में लगभग 9 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। आग की लपटों ने पूरे फॉर्म को राख में बदल दिया।
पीड़ित ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच, दोषी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। वहीं, धुरकी थाना पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


