धर्म

मेराल में श्रद्धा और भक्ति के साथ चैत्र नवरात्रि की शुरुआत

विकास कुमार 

मेराल। हिंदू नव वर्ष एवं वासंतिक नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही मेराल प्रखंड क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूब गया है। नवरात्र के पहले दिन प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम, हासनदाग देवी धाम, बाना बजरंगबली मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से कलश स्थापना की गई। चैत्र नवरात्रि और रामनवमी के आरंभ होते ही पूरे प्रखंड क्षेत्र में उत्साह और आस्था का वातावरण देखने को मिल रहा है। प्रखंड मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक महावीरी झंडा लगाया गया है। जगह-जगह धार्मिक आयोजन के साथ रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है, जिससे माहौल और भी भक्तिमय हो गया है।

हासनदाग स्थित प्रसिद्ध देवी धाम मंदिर में वाराणसी से पधारे आचार्य पंडित श्री श्री 1008 विश्वाकांत पांडे के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना की गई। इसके साथ ही श्री राम दरबार की पूजा-अर्चना एवं श्री रामचरितमानस नवाह पारायण पाठ का शुभारंभ हुआ। वहीं बाना बजरंगबली मंदिर में भी चैत्र नवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। यहां रात्रि में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।

इस वर्ष मेराल के प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम का वार्षिक महोत्सव भी विशेष उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसके अलावा करकोमा, दुलदुलवा, बिकताम, ओखरगाड़ा सहित प्रखंड के विभिन्न गांवों में भी चैत्र नवरात्रि एवं रामनवमी के अवसर पर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान जारी हैं। कुल मिलाकर मेराल प्रखंड क्षेत्र इन दिनों पूरी तरह श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक रंग में रंगा नजर आ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!