किस्मती कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग कैंपस में हर्षोल्लास से मनाई गई होली

विकास कुमार
मेराल। किस्मती कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग के कैंपस में होली मिलन समारोह बड़े ही उत्साह, उमंग और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक, छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और प्रेम, भाईचारे व एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से हुई, जहां उपस्थित शिक्षकों ने होली के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद पूरा कैंपस रंग-बिरंगे गुलाल से सराबोर हो उठा। छात्र-छात्राओं ने होली गीतों पर झूमकर नृत्य किया और खुशियों को साझा किया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के साथ रंग खेलते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण को और प्रगाढ़ किया।कॉलेज प्रशासन की ओर से सभी से सुरक्षित एवं पर्यावरण के अनुकूल होली मनाने की अपील की गई। साथ ही आपसी सद्भाव बनाए रखने और त्योहार को मर्यादित ढंग से मनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में मिठाइयों का वितरण किया गया और सभी ने मिलकर उल्लासपूर्ण वातावरण में त्योहार का आनंद लिया। होली मिलन समारोह ने पूरे कैंपस में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हुए आपसी एकता और सहयोग की भावना को और मजबूत किया। इस अवसर पर संस्थान के सचिव वीरेंद्र प्रसाद, निदेशक लव कुमार सिंह, डॉ. आयुष कुमार, फार्मासिस्ट ओकेंद्र पाल, शिक्षिका अंजनी कुमारी, ममता कुमारी, वंदना कुमारी, आकृति कुमारी, ओमप्रकाश विश्वकर्मा, लव चंद्रवंशी सहित सभी संस्थान कर्मी उपस्थित रहे।


