Uncategorized

हेमंत सरकार के खिलाफ भाजपा का हल्ला बोल, किसानों की 12 सूत्री मांगों को लेकर मेराल में धरना

 

 

विकास कुमार 

मेराल। किसानों से वादाखिलाफी और कथित धोखाधड़ी के विरोध में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने मेराल प्रखंड मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं और 12 सूत्री मांगों को लेकर भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। धरना समाप्ति के बाद राज्यपाल के नाम संबोधित मांग पत्र प्रधान सहायक सुनील कुमार को सौंपा गया।

धरना को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष उदय कुमार कुशवाहा ने कहा कि हेमंत सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण राज्य के किसान परेशान और हताश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों की सुध लेने वाला कोई नहीं है और सरकार गरीबों व किसानों को प्राथमिकता नहीं दे रही है।

 

सांसद प्रतिनिधि प्रमोद चौबे ने कहा कि सरकार की उदासीनता के कारण किसानों के सिंचाई से जुड़ी महत्वाकांक्षी पाइपलाइन योजना अधूरी पड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि लगभग 1200 करोड़ रुपये की लागत वाली योजना के अधर में लटक जाने से किसानों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।

धरना में भाजपा नेता हरेन्द्र कुमार दूबे, मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार यादव और अशोक केशरी समेत कई वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और सरकार की नीतियों की आलोचना की। भाजपा द्वारा सौंपे गए 12 सूत्री मांग पत्र में किसानों को धान का समर्थन मूल्य बढ़ाने, धान की बकाया राशि का अविलंब भुगतान करने, ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने, सब्सिडी पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, समुचित सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना को पुनः चालू करने तथा घरेलू गैस सिलेंडर 450 रुपये में उपलब्ध कराने जैसी मांगें प्रमुख रहीं। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी, मनोज जायसवाल, रामाकांत गुप्ता, विकास द्विवेदी, इंदेश पांडे, भोला पासवान, देवाकांत ओझा, संजय गुप्ता, रितेश अग्रवाल, सुनील ठाकुर, सबरुन बीबी, कमला देवी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कंचन पांडे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मुखिया राम प्रताप साह ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!