एसडीएम ने दो प्रत्याशियों के डीजे प्रचार वाहन जब्त कर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश

विकास कुमार
गढ़वा। सदर एसडीएम संजय कुमार ने सोमवार को मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्होंने दो प्रत्याशियों के डीजे युक्त प्रचार वाहनों को जब्त कर लिया। साथ ही संबंधित प्रत्याशियों के विरुद्ध उड़नदस्ता दल के माध्यम से प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया। एसडीएम ने बताया कि संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान मझिआंव बाजार क्षेत्र में नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी शोभा देवी एवं सुमित्रा देवी के प्रचार वाहन अनधिकृत रूप से डीजे का प्रयोग करते हुए पाए गए। मौके पर ही दोनों वाहनों को जब्त कर बीडीओ मझिआंव को निर्देश दिया गया कि वाहनों को थाना परिसर में खड़ा कराया जाए तथा संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू है, जिसके तहत किसी भी प्रत्याशी को डीजे के प्रयोग की अनुमति नहीं है। इसके अतिरिक्त भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा भी प्रभावी है, जिसमें डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। बिना अनुमति चुनाव प्रचार वाहन का संचालन आचार संहिता का सीधा उल्लंघन है।

एसडीएम ने अनुमंडल क्षेत्र के सभी उड़नदस्ता दलों एवं स्टैटिक सर्विलांस टीम को निर्देश दिया कि इस प्रकार के वाहनों की सघन जांच कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि उनके क्षेत्र में किसी भी जुलूस या रैली में डीजे का प्रयोग न हो।


