मेराल बस स्टैंड चौराहे पर अतिक्रमण से आमजन त्रस्त, जाम बना रोज़ की समस्या

विकास कुमार
मेराल। प्रखंड मुख्यालय स्थित एनएच 39 के बस स्टैंड चौराहे पर अव्यवस्थित अतिक्रमण के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सब्जी दुकानों और टेंपो स्टैंड के अनियंत्रित रूप से लगने से यह प्रमुख चौराहा आए दिन जाम की चपेट में रहता है। यह चौराहा प्रखंड का सबसे व्यस्त स्थल माना जाता है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और दूरदराज़ से आने-जाने वाले यात्री इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। लेकिन सड़क के दोनों ओर लगी सब्जी दुकानों और बीच सड़क पर खड़े टेंपो के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह से शाम तक सड़क किनारे सब्जी की दुकानें सजी रहती हैं, वहीं टेंपो चालक बीच सड़क पर ही सवारी बैठाते हैं। इससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो जाती है और थोड़ी सी लापरवाही भी किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। खासकर स्कूली बच्चों और महिलाओं को सड़क पार करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन द्वारा उन्हें दुकान लगाने के लिए कोई वैकल्पिक स्थान उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिस कारण मजबूरी में सड़क किनारे दुकान लगानी पड़ती है। वहीं टेंपो चालकों का तर्क है कि निर्धारित स्टैंड नहीं होने के कारण वे जहां जगह मिलती है, वहीं टेंपो खड़ा करने को विवश हैं। स्थानीय नागरिकों ने कई बार प्रखंड एवं पुलिस प्रशासन से इस समस्या को लेकर शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया, तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। आशिष सोनी, एस. कुमार सहित अन्य स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड चौराहे को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, सब्जी विक्रेताओं के लिए अलग बाजार स्थल निर्धारित किया जाए तथा टेंपो के लिए स्थायी स्टैंड की व्यवस्था की जाए, ताकि यातायात सुचारू हो सके और आम जनता को राहत मिल सके।



