
एसडीएम ने किया शराब निर्माण का अड्डा ध्वस्त, 25 क्विंटल महुआ जावा विनष्ट
विकास कुमार
मेराल । गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने रविवार को मेराल प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में अवैध महुआ शराब निर्माण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान लातदाग गांव स्थित चूड़ामणि पहाड़ के समीप अवैध शराब निर्माण का एक अड्डा ध्वस्त किया गया।

छापेमारी के दौरान मौके से अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए जिन्हें तत्काल नष्ट कर दिया गया। साथ ही 14 ड्रमों में संग्रहित लगभग 25 क्विंटल महुआ जावा/अर्ध-प्रसंस्कृत शराब को मौके पर ही बहाकर विनष्ट किया गया। ये ड्रम पांच अलग-अलग स्थानों पर छुपाकर रखे गए थे, जिनमें से चार ड्रम ज़मीन में गाड़े गए थे। एसडीएम के निर्देश पर सभी ड्रमों को तोड़कर नष्ट किया गया। स्थल की स्थिति से स्पष्ट हुआ कि यहां सुनियोजित तरीके से अवैध शराब का निर्माण किया जा रहा था। कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों से प्राप्त सूचना एवं पूछताछ के आधार पर तीन व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम ने उत्पाद एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सतत निगरानी रखी जाए।

एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि अवैध शराब निर्माण कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक स्वास्थ्य और ग्रामीण परिवेश के लिए गंभीर चुनौती है। ऐसे अवैध कार्यों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर और सख्त रूप से जारी रहेगी। अभियान के दौरान रविंद्र पासवान, कंचन प्रसाद, अनिल कुमार, रमेश प्रसाद सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।




