टॉप न्यूज़

सरस्वतीया नदी की सफाई को लेकर प्रशासन गंभीर, रविवार से चलेगा विशेष अभियान

एसडीएम संजय कुमार पांडेय, सीओ यशवंत नायक, समाजसेवी संजय भगत, मुखिया रामसागर महतो एवं मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना राम ने एक-एक दिन का जेसीबी मशीन खर्च देंगे

विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, झामुमो पूर्व प्रखंड अध्यक्ष दशरथ प्रसाद एवं धनंजय चौधरी ने पांच-पांच हजार रुपये सहयोग देंगे 

विकास कुमार 

मेराल। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार पांडेय की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय सभागार में सरस्वतीया नदी की साफ-सफाई एवं अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीओ सह प्रभारी बीडीओ यशवंत नायक, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, मुखिया रामसागर महतो, मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना राम, समाजसेवी संजय भगत, अतहर अली अंसारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रबुद्ध लोग शामिल हुए।

बैठक में स्थानीय लोगों के साथ “आपन सरस्वतीया नदी” सफाई अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि गढ़वा शहर की तर्ज पर मेराल क्षेत्र में भी रविवार से नदी सफाई अभियान की शुरुआत की जाएगी। अभियान का नेतृत्व सीओ यशवंत नायक करेंगे, जिसमें जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आम लोग भाग लेंगे। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम संजय कुमार पांडेय ने कहा कि सरस्वतीया नदी क्षेत्र की महत्वपूर्ण जलधारा है, जिसकी स्वच्छता और संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नदी में जमा गंदगी, झाड़ियां एवं अतिक्रमण के कारण जल प्रवाह प्रभावित हो रहा है। इसे देखते हुए प्रशासन ने विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नदी को स्वच्छ बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। नदी में कचरा नहीं फेंकने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की भी अपील की गई। प्रशासन की इस पहल से क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही सरस्वतीया नदी का स्वरूप स्वच्छ और सुंदर दिखाई देगा। सीओ यशवंत नायक ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों के सहयोग से रविवार से “आपन सरस्वतीया नदी” सफाई अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से यह अभियान सफल होगा। साथ ही लोगों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर नदी के अस्तित्व और पुनरुद्धार में सहयोग करने की अपील की।

अभियान की शुरुआत को सफल बनाने के लिए एसडीएम संजय कुमार पांडेय, सीओ यशवंत नायक, समाजसेवी संजय भगत, मुखिया रामसागर महतो एवं मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना राम ने एक-एक दिन का जेसीबी मशीन खर्च वहन करने की घोषणा की। वहीं विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, झामुमो के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष दशरथ प्रसाद एवं धनंजय चौधरी ने पांच-पांच हजार रुपये सहयोग देने की घोषणा की।बैठक में सीआई संजीव कुमार पांडेय, नाजीर सुनील कुमार, एजीएम बसंत पांडे, पारसनाथ विश्वकर्मा, मदन यादव, शिवकुमार चौधरी, रोहित कुमार, जफिर अंसारी, वाजुद्दीन अंसारी, देवव्रत कुमार, नथूनी राम, रविकांत पांडे सहित कई लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!