एचपी गैस उपभोक्ताओं में आक्रोश, विधायक प्रतिनिधि ने उपायुक्त से लगाई गुहार

“गोदाम मेराल में, लेकिन गैस लेने गढ़वा जाना पड़ता है” उपभोक्ताओं की परेशानी पर फूटा गुस्सा
विकास कुमार
मेराल। प्रखंड के हजारों एचपी गैस उपभोक्ताओं की परेशानी अब प्रशासनिक दरवाजे तक पहुंच गई है। विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा को लिखित आवेदन देकर आर्यन एचपी गैस एजेंसी के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि एजेंसी का गोदाम मेराल में होने के बावजूद स्थानीय उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।

डॉ. लालमोहन ने कहा कि एजेंसी संचालक द्वारा गैस का वितरण गढ़वा में होंडा शोरूम के समीप किया जाता है, जिसके कारण मेराल के उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने के लिए मजबूरन गढ़वा जाना पड़ता है। इससे खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और गरीब परिवार काफी परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मेराल में केवल रविवार को अनिश्चित स्थान पर बिना किसी तय समय के गैस वितरण किया जाता है। सुबह से ही लोग चिलचिलाती धूप में लाइन लगाकर खड़े रहते हैं, जिससे किसी भी समय बड़ी अनहोनी या लोगों की तबीयत बिगड़ने की आशंका बनी रहती है।आवेदन में यह भी कहा गया है कि जब एजेंसी का गोदाम मेराल में ही मौजूद है तो वहीं से नियमित गैस वितरण काउंटर क्यों नहीं खोला जा रहा है।

विधायक प्रतिनिधि ने उपायुक्त से मांग की है कि अविलंब मेराल गोदाम से नियमित गैस वितरण शुरू कराया जाए ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उपभोक्ता मजबूर होकर नियमसंगत आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस मामले को लेकर अब मेराल क्षेत्र में लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।




