
“पहले अपराधियों से बचने के लिए लोग अपने घर को सुरक्षित मानते थे, लेकिन अब वह भरोसा भी टूटता नजर आ रहा है।”
विकास कुमार
गढ़वा। जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पूर्व राजस्व कर्मचारी व वर्तमान लेस्लीगंज अंचल निरीक्षक नरेंद्र कुमार पर उनके ही सोनपुरवा स्थित आवास में मंगलवार देर रात जानलेवा हमला कर दिया गया। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही एससी-एसटी कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष रघुराई राम, बसपा जिला अध्यक्ष नंदा पासवान, झामुमो जिला अध्यक्ष शंभू राम समेत कई लोगों ने इस कायराना हमले की तीव्र निंदा की।
मिली जानकारी के अनुसार, अंकित उपाध्याय समेत तीन हमलावर अचानक घर में घुस गए और अंचल निरीक्षक पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, स्थानीय लोगों और पड़ोसियों ने बहादुरी दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, बाकी दो आरोपी फरार हो गए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस घटना को लेकर अनुसूचित जाति जनजाति कर्मचारी संघ, जिला इकाई गढ़वा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। संघ के अध्यक्ष रघुराई राम ने कहा कि अब हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोग अपने ही घर में सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा, “पहले अपराधियों से बचने के लिए लोग अपने घर को सुरक्षित मानते थे, लेकिन अब वह भरोसा भी टूटता नजर आ रहा है।”

संघ के अन्य सदस्य—शिवनाथ राम, राजनाथ राम, असर्फी राम, गौतम कुमार, अजय राम, गिरजा नंदन उरांव, सुनील कुमार गौतम ने भी इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। संगठन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि फरार दोनों आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। फिलहाल, इस वारदात के बाद सोनपुरवा सहित आसपास के इलाकों में भय का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।




